आज 12 नवंबर को दुनियाभर में 'वर्ल्ड निमोनिया डे' (World Pneumonia Day 2026) मनाया जा रहा है। इस साल 2026 की थीम "अ न्यू एरा ऑफ निमोनिया कंट्रोल" (A New Era of Pneumonia Control) रखी गई है, जिसका उद्देश्य इस गंभीर बीमारी की रोकथाम, वैक्सीन और इलाज को हर घर/व्यक्ति तक पहुंचाना है। लेकिन इस समय निमोनिया से भी बड़ी एक चुनौती सामने है बढ़ता वायु प्रदूषण। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) हाई स्तर पर है, जो छोटे बच्चों के लिए निमोनिया का एक बड़ा कारण बन रहा है।
प्रदूषण और निमोनिया का क्या है कनेक्शन?
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में जहरीली हवा और स्मॉग बच्चों के फेफड़ों को भारी नुकसान पहुंचाते हैं। प्रदूषित हवा में मौजूद बेहद छोटे कण (PM 2.5) और जहरीली गैसें सांस के जरिए बच्चों के फेफड़ों तक गहराई में जाती हैं। इससे श्वास नली में सूजन आ जाती है और फेफड़ों का प्राकृतिक रक्षा तंत्र (सिलिया और म्यूकस) कमजोर पड़ जाता है। रक्षा तंत्र के कमजोर होने से निमोनिया फैलाने वाले बैक्टीरिया या वायरस से बच्चों में आसानी से निमोनिया हो जाता हैं।
माता-पिता के लिए चेतावनी: इन लक्षणों को न समझें सामान्य सर्दी
डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि निमोनिया को सामान्य सर्दी-खांसी समझने की भूल बिल्कुल न करें, क्योंकि इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है। अगर बच्चे में ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें -
लगातार खांसी के साथ तेज बुखार का आना।
सांस का बहुत तेजी से चलना या सांस लेने में बच्चे को अतिरिक्त ताकत लगाना।
सांस लेते समय पसलियों के नीचे के हिस्से का अंदर की तरफ धंसना (Chest indrawing)।
ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण होंठों, जीभ या नाखूनों का नीला पड़ना।
बच्चे का अचानक दूध पीना या खाना छोड़ देना और बेहद सुस्त (lethargic) हो जाना।
बचाव के लिए उठाएं ये जरूरी कदम
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने निमोनिया और प्रदूषण के दोहरे खतरे से बचने के लिए कुछ जरूरी उपाय सुझाए हैं
टीकाकरण पर जोर: बच्चों को समय पर न्यूमोकोकल (PCV) और इन्फ्लूएंजा (Flu) की वैक्सीन लगवाएं। यह निमोनिया पैदा करने वाले प्रमुख संक्रमणों से बचाती है।
बाहरी प्रदूषण से बचाव: जब तक इलाके का AQI खराब या हाई है , बच्चों को बाहर खेलने न भेजें और बाहरी गतिविधियों को सीमित करें।
इनडोर एयर क्वालिटी: घर के अंदर धूम्रपान बिल्कुल न करें। खाना पकाने का धुआं, अगरबत्ती और मच्छर मारने वाली कॉइल का धुआं भी बच्चों के नाजुक फेफड़ों को भारी नुकसान पहुंचाता है।
सही पोषण: कुपोषण के शिकार बच्चों की इम्युनिटी कमजोर होती है, जिससे निमोनिया का खतरा बढ़ता है। शुरुआती 6 महीने तक शिशु को सिर्फ स्तनपान कराएं और उसके बाद पौष्टिक आहार दें।
विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और बाल रोग विशेषज्ञों की यही अपील है कि समय रहते लक्षणों की पहचान, उचित पोषण और टीकाकरण से ही बच्चों की जान बचाई जा सकती है। प्रदूषण के इस मौसम में माता-पिता को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सख्त जरूरत है।