अंडर-19 एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए 228 रन बनाने होंगे। अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए। कप्तान सोहेल खान 36 और नूर अली नियाजी 8 रन बनाकर नाबाद लौटे।

ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर अफगानिस्तान के कप्तान सोहेल खान ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी।

नोमान और रहीमी की फिफ्टी

अफगानिस्तान से विकेटकीपर बैटर नोमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन बनाए। नोमान ने 78 बॉल की पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए। रहीमी ने 72 बॉल पर 51 रन बनाए। सुभान जाखिल ने 31 रन का योगदान दिया।

आखिरी 10 ओवर में 66 रन

अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 66 रन जोड़े। रहीमी और कप्तान सोहेल खान ने 7वें विकेट के लिए 68 बॉल पर 60 रन की साझेदारी की। आखिरी ओवरों में नूर अली नियाजी ने 3 बॉल पर एक छक्के की मदद से 8 रन बनाकर स्कोर 227 तक पहुंचाया।

ईशान सूद ने एक ओवर में 2 विकेट लिए

भारत से ईशान सूद सबसे सफल बॉलर रहे। उन्होंने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट लिए। 49वें ओवर में उन्होंने सेट बैटर शाह फैसल रहीमी और मोहम्मद अली को बोल्ड किया। आर्यन सावसानी ने 2 विकेट लिए। काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को 1-1 विकेट मिला।

3 रन के अंदर गिरे 3 विकेट

अफगानिस्तान ने 35 ओवर तक 3 विकेट पर 143 रन बना लिए थे। इसके बाद टीम ने 3 रन के अंदर 3 विकेट गंवा दिए। 37वें ओवर में आर्यन सावसानी ने आमिर हमजा को जीरो पर कैच कराया और फिर तहीर सरवरी को बोल्ड किया।

ऐसे गिरे अफगानिस्तान के विकेट

  • पहला: 7वें ओवर में ईशान सूद ने अबीदुल्लाह नदरजान (14) को अन्वय द्रविड़ के हाथों कैच कराया। स्कोर 29/1।

  • दूसरा: 13वें ओवर में काव्य पटेल ने फरीदुल्लाह इहसास (13) को बोल्ड किया। स्कोर 51/2।

  • तीसरा: 20वें ओवर में यशबर्धन चौहान ने सुभान जाखिल (31) को बोल्ड किया। स्कोर 86/3।

  • चौथा: 36वें ओवर में अर्जुन राजपूत ने नोमान सालारजई (51) को यशबर्धन चौहान के हाथों कैच कराया। स्कोर 143/4।

  • पांचवां: 37वें ओवर में आर्यन सावसानी ने आमिर हमजा (0) को लक्ष्य रायचंदानी के हाथों कैच कराया। स्कोर 144/5।

  • छठा: इसी ओवर में सावसानी ने तहीर सरवरी (1) को बोल्ड किया। स्कोर 146/6।

  • सातवां: 49वें ओवर में ईशान सूद ने शाह फैसल रहीमी (51) को बोल्ड किया। स्कोर 206/7।

  • आठवां: इसी ओवर की आखिरी बॉल पर ईशान ने मोहम्मद अली (8) को बोल्ड किया। स्कोर 214/8।

टीम में सहवाग और द्रविड़ के बेटे

भारतीय टीम में पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी खेल रहे हैं। अन्वय टीम में विकेटकीपिंग कर रहे हैं और उन्होंने एक कैच भी लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उलवा, आर्यन सावसानी, काव्य पटेल और ईशान सूद।

अफगानिस्तान: सोहेल खान (कप्तान), अबीदुल्लाह नदरजान, फरीदुल्लाह इहसास, सुभान जाखिल, नोमान सालारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, तहीर सरवरी, आमिर हमजा, मोहम्मद अली, बिलाल सलीमानखिल और नूर अली नियाजी।