रतलाम/मध्य प्रदेश त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ से परेशान यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जो रतलाम मंडल से होकर गुजरेंगी। इनमें खड़की-दुर्गापुरा (जयपुर) साप्ताहिक स्पेशल, बांद्रा टर्मिनस-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल और अहमदाबाद-राजगीर अनारक्षित स्पेशल शामिल हैं। रतलाम ही नहीं, बल्कि मंदसौर, नीमच और दाहोद से सफर करने वाले यात्री भी इन ट्रेनों का लाभ उठा सकेंगे।

पुणे क्षेत्र से जयपुर तक सीधा सफर

खड़की से चलने वाली ट्रेन संख्या 09714 खड़की-दुर्गापुरा स्पेशल 15 नवंबर को रात 12.50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन उसी दिन शाम 4 बजे रतलाम पहुंचेगी और 10 मिनट रुकने के बाद 4.10 बजे आगे बढ़ेगी। ट्रेन अगले दिन रात 12.30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी।

लौटते समय ट्रेन संख्या 09713 जयपुर-खड़की स्पेशल 13 नवंबर (शुक्रवार) को रात 10.30 बजे जयपुर से चलेगी। शनिवार सुबह 7.30 बजे यह रतलाम आएगी और 7.40 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन रात 10.30 बजे खड़की पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव दोनों ओर लोनावला, पनवेल, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर और दुर्गापुरा में दिया गया है। ट्रेन में एसी-2, एसी-3, स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे।

मंदसौर-नीमच के यात्रियों को मुंबई और जयपुर के लिए विकल्प

बांद्रा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन से रतलाम, मंदसौर और नीमच तीनों जिलों के यात्रियों को फायदा होगा। ट्रेन संख्या 09718 बांद्रा टर्मिनस-खातीपुरा स्पेशल 12 नवंबर को शाम 4.30 बजे बांद्रा से रवाना होगी। शुक्रवार सुबह यह 5.40 बजे रतलाम (प्रस्थान 5.50), 6.55 बजे मंदसौर (प्रस्थान 6.57), 7.45 बजे नीमच (प्रस्थान 7.50) और 8.45 बजे चित्तौड़गढ़ (प्रस्थान 8.50) पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन दोपहर 3.05 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09717 खातीपुरा-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 11 नवंबर (बुधवार) को दोपहर 3.15 बजे खातीपुरा से चलेगी। यह रात 10.35 बजे चित्तौड़गढ़ और 11.40 बजे नीमच पहुंचेगी। गुरुवार तड़के 1.10 बजे मंदसौर और सुबह 3.20 बजे रतलाम आने के बाद यह अगले दिन दोपहर 3.15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

रास्ते में यह ट्रेन बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें भी एसी-2, एसी-3, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच रहेंगे।

बिहार जाने वालों के लिए अनारक्षित ट्रेन

बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए अहमदाबाद से राजगीर तक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है, यानी इसमें सफर के लिए आरक्षण की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन संख्या 09427 अहमदाबाद-राजगीर स्पेशल मंगलवार रात 12.55 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। यह सुबह 4.48 बजे दाहोद और 6.10 बजे रतलाम पहुंचेगी तथा अगले दिन सुबह 11.45 बजे राजगीर पहुंचेगी।

लौटते समय ट्रेन संख्या 09428 राजगीर-अहमदाबाद स्पेशल 11 नवंबर (बुधवार) को दोपहर 2.45 बजे राजगीर से चलेगी। गुरुवार शाम 6.13 बजे यह रतलाम और 7.38 बजे दाहोद पहुंचेगी, जबकि अगले दिन रात 11.25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

यह ट्रेन आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, हिण्डौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, पटना साहिब, बख्तियारपुर, बिहार शरीफ और नालंदा स्टेशनों पर रुकेगी।