AI चैटबॉट ChatGPT अब केवल सवालों के जवाब देने वाला टूल नहीं रहेगा। OpenAI ने ‘Businesses in ChatGPT’ नाम से एक नई सुविधा बीटा वर्जन में शुरू की है, जिसके जरिए कंपनियां ChatGPT पर अपनी आधिकारिक प्रोफाइल को संभाल सकेंगी।
कंपनी के मुताबिक, ChatGPT को हर हफ्ते करीब 120 करोड़ लोग इस्तेमाल करते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में लोग किसी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसकी तुलना करने और जानकारी जुटाने के लिए भी चैटबॉट का सहारा लेते हैं। ऐसे में कंपनियों के लिए यह जरूरी हो गया है कि ChatGPT पर उनके बारे में सही जानकारी दिखे।
इसी जरूरत को देखते हुए OpenAI ने Business Hub नाम का प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यहां कंपनियां अपने कारोबार को क्लेम कर सकती हैं, अपनी जानकारी अपडेट कर सकती हैं और देख सकती हैं कि लोग ChatGPT पर उनसे कैसे जुड़ रहे हैं।
वेरिफिकेशन के बाद खुद अपडेट कर सकेंगे जानकारी
Business Hub पर कंपनी को पहले अपनी प्रोफाइल क्लेम करनी होगी। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद कंपनी अपने कारोबार से जुड़ी अहम जानकारी बदल सकेगी। साथ ही, वह प्रोडक्ट फीड भी जोड़ सकेगी, जिसमें सामान की कीमत और स्टॉक में उपलब्धता की जानकारी होगी।
समझने के लिए, अगर कोई यूजर ChatGPT से किसी जूते के ब्रांड के नए मॉडल की कीमत पूछेगा तो उसे कंपनी की ओर से दी गई ताजा जानकारी मिल सकेगी। इससे पुरानी या गलत जानकारी मिलने की संभावना कम होगी।
OpenAI के मुताबिक, जिन देशों में ChatGPT उपलब्ध है, वहां के योग्य कारोबार यह प्रोफाइल क्लेम कर सकते हैं। Shopify पर स्टोर चलाने वाले कारोबारी अपना स्टोर सीधे जोड़कर वेरिफिकेशन आसान बना सकते हैं। वहीं OpenAI के मौजूदा एंटरप्राइज ग्राहक और विज्ञापनदाता अपने OpenAI प्रतिनिधि के जरिए यह काम कर सकते हैं।
कितनी बार हुआ जिक्र, कितने लोगों ने किया क्लिक
Business Hub कंपनियों को एक तरह का डैशबोर्ड भी देगा। इसमें दिखेगा कि ChatGPT के जवाबों में कंपनी का नाम कितनी बार आया और कितने लोगों ने उसकी वेबसाइट पर क्लिक किया।
इसके अलावा कंपनियां ‘Discovery Topics’ भी देख सकेंगी। यानी यह पता चलेगा कि किस तरह की बातचीत में उनकी वेबसाइट का हवाला दिया जा रहा है। मान लीजिए कोई ट्रैवल कंपनी है, तो उसे पता चल सकता है कि उसका नाम हनीमून पैकेज से जुड़े सवालों में ज्यादा आ रहा है या बजट ट्रिप वाले सवालों में।
हालांकि, ये आंकड़े सिर्फ यह बताएंगे कि लोग कारोबार में कितनी दिलचस्पी ले रहे हैं। इनसे यह तय नहीं होता कि ग्राहक ने खरीदारी भी की है।
कंपनी का अपना AI एजेंट करेगा सवालों के जवाब
इस लॉन्च का सबसे बड़ा हिस्सा Business Agents है। प्रोफाइल क्लेम करने के बाद योग्य कंपनियां अपना खुद का AI एजेंट बना, टेस्ट और लॉन्च कर सकेंगी।
जब ChatGPT के किसी जवाब में किसी कंपनी का नाम आएगा, तो यूजर उस पर क्लिक करके कंपनी की प्रोफाइल देख सकेगा। अगर वहां Business Agent उपलब्ध है, तो यूजर सीधे उससे बात करके प्रोडक्ट के बारे में और सवाल पूछ सकेगा। जैसे, दो मॉडल में क्या फर्क है या उसकी जरूरत के हिसाब से कौन सा बेहतर रहेगा।
OpenAI का कहना है कि एजेंट वाली बातचीत पर साफ लेबल लगा होगा। यह यूजर की मूल ChatGPT चैट से अलग रहेगी और ChatGPT के स्वतंत्र जवाबों से भी अलग मानी जाएगी।
कंपनियां अपने एजेंट को स्पॉन्सर भी कर सकेंगी और ChatGPT Ads के जरिए लोगों को उस तक पहुंचा सकेंगी। ऐसे स्पॉन्सर्ड हिस्से भी अलग से लेबल किए जाएंगे।
भारत में कब मिलेगा AI एजेंट?
फिलहाल Business Agents की सुविधा सिर्फ अमेरिका में चुनिंदा ई-कॉमर्स और ऑनलाइन सर्विस कंपनियों के लिए शुरू की गई है। OpenAI ने कहा है कि आगे चलकर इसे दूसरे बाजारों और कारोबार की और श्रेणियों तक बढ़ाया जाएगा। यानी भारतीय कारोबारी अभी प्रोफाइल क्लेम कर सकते हैं, लेकिन AI एजेंट के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ सकता है।
क्या कंपनियां पढ़ सकेंगी आपकी चैट?
यूजर्स के मन में सबसे बड़ा सवाल प्राइवेसी का है। OpenAI ने साफ किया है कि कंपनियों के साथ यूजर्स की ChatGPT बातचीत या Business Agent वाली चैट शेयर नहीं की जाएगी।
कंपनियों को सिर्फ कुल आंकड़े मिलेंगे, और वे भी तब, जब बातचीत की संख्या एक तय सीमा से ज्यादा होगी। यानी कंपनी यह जान सकेगी कि उसका जिक्र कितनी बार हुआ, लेकिन यह नहीं जान पाएगी कि किस यूजर ने क्या पूछा।
गूगल के लिए बढ़ेगी चुनौती
जानकार इस कदम को सर्च और ऑनलाइन लिस्टिंग के बाजार में गूगल के लिए नई चुनौती के तौर पर देख रहे हैं। OpenAI का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में कंपनियों के लिए और टूल्स जोड़े जाएंगे।